Apple Watch Ultra पर सैटेलाइट फ़ीचर का उपयोग करें
समर्थित Apple Watch Ultra मॉडल पर आप आपातकालीन सेवाओं को संदेश भेजने, दोस्तों और परिवार को संदेश भेजने और अपना स्थान शेयर करने के लिए सैटेलाइट से कनेक्ट कर सकते हैं—तब भी जब आप ग्रिड से बाहर हों और आपके पास मोबाइल और वाई-फ़ाई कवरेज न हो। स्क्रीन के सबसे ऊपर सैटेलाइट आइकॉन देखें, जो आपके स्थान पर सैटेलाइट फीचर की उपलब्धता को दर्शाता है।
नोट : सैटेलाइट फ़ीचर Apple Watch Ultra 2 और इससे पहले के मॉडल पर उपलब्ध नहीं हैं, सभी देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध नहीं हैं और कुछ देशों और क्षेत्रों में बेचे जाने वाले मॉडल में पेश नहीं किए जाते हैं। Apple Watch Ultra के ऐक्टिवेशन के 2 साल बाद तक के लिए सैटेलाइट फ़ीचर मुफ़्त होते हैं। सैटेलाइट के माध्यम से संदेश और स्थान शेयर करने के लिए सक्रिय कैरियर प्लान की आवश्यकता होती है। उपलब्धता विवरण के लिए Apple सहायता आलेख अपनी Apple Watch Ultra के साथ सैटेलाइट से कनेक्ट करें देखें।
कनेक्शन और प्रतिक्रिया समय स्थान, पर्यावरण संबंधी परिस्थितियों और अन्य वजहों के आधार पर अलग-अलग हो सकता है। सैटेलाइट के साथ कनेक्ट होने पर, वाई-फाई, मोबाइल, Bluetooth कनेक्टिविटी पर प्रभाव पड़ सकता है। यदि आपका iPhone आस-पास है और विमान मोड में है, तो सैटेलाइट फ़ीचर Apple Watch Ultra पर उपलब्ध नहीं होते हैं।
सैटेलाइट के माध्यम से आपातकालीन SOS से कनेक्ट करें
Apple Watch Ultra पर सैटेलाइट के ज़रिए आपातकालीन SOS सेटअप करने के बाद आप मोबाइल और वाई-फ़ाई कवरेज से बाहर होने पर भी आपातकालीन सेवाओं से संपर्क कर सकते हैं।
अपनी कलाई पर Apple Watch Ultra को सहजता से पहनें, फिर सुनिश्चित करें कि उसके सैटेलाइट से कनेक्ट होने में कोई व्यवधान न आ रहा हो। अगर आप घनी पेड़ों के नीचे हैं या अन्य बाधाओं से घिरे हुए हैं या किसी जगह पर अंदर हैं, तो हो सकता है कि आप सैटेलाइट से कनेक्ट न कर पाएँ।
अपने स्थानीय आपातकालीन नंबर को कॉल करने का प्रयास करें (जैसे 911, 112 या 999), भले ही आप मोबाइल और Wi-Fi कवरेज के बाहर हों।
यदि आपके कैरियर का मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, तो Apple Watch Ultra सैटेलाइट आइकॉन प्रदर्शित करता है और दूसरे नेटवर्क के उपलब्ध होने पर किसी भी आपातकालीन कॉल को उस नेटवर्क के ज़रिए आगे भेजने का प्रयास करता है।
साथ ही आप संदेश ऐप पर भी जा सकते हैं
, फिर अपने स्थानीय आपातकालीन नंबर को टेक्स्ट कर सकते हैं (जैसे 911, 112, या 999)।
यदि कॉल या संदेश नहीं पहुँचता है, तो सैटेलाइट के माध्यम से आपातकालीन टेक्स्ट पर टैप करें।
नोट : यदि आपका iPhone आस-पास है और विमान मोड में है, तो ऑफ़-ग्रिड रहने के दौरान सैटेलाइट फ़ीचर Apple Watch Ultra पर उपलब्ध नहीं होते हैं।
आपातकालीन स्थिति की रिपोर्ट पर टैप करें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें, जिसमें एक आपातकालीन प्रश्नावली भी शामिल है।
प्रश्नावली पूरी करने के बाद Apple Watch Ultra आपकी मेडिकल ID और आपातकालीन संपर्क विवरण (यदि आपने पहले ही उन्हें सेट किया है) के साथ महत्वपूर्ण जानकारी शेयर करके टेक्स्ट वार्तालाप शुरू करता है। यह आपकी आपातकालीन प्रश्नावली के जवाब, आपका स्थान (जिसमें ऊँचाई शामिल है) और Apple Watch Ultra का बैटरी स्तर भी शेयर करता है। आप आपातकालीन सेवाओं को भेजी गई जानकारी को अपने आपातकालीन संपर्कों के साथ शेयर करने का विकल्प भी चुन सकते हैं।
महत्वपूर्ण : अगर सैटेलाइट के माध्यम से आपातकालीन SOS सत्र शुरू हो गया है और आपको आपातकालीन सेवाओं की आवश्यकता नहीं है, तो सैटेलाइट सत्र को डिस्कनेक्ट न करें। उत्तरदाता को यह बताने के लिए संदेशों का आदान-प्रदान करें कि आपको सहायता की आवश्यकता नहीं है।
अन्य सैटेलाइट-सक्षम सेवाएँ भी उपलब्ध हो सकती हैं, जिनमें सैटेलाइट के माध्यम से संदेश और सैटेलाइट के माध्यम से स्थान शेयरिंग शामिल है।
सैटेलाइट के माध्यम से संदेश भेजें और प्राप्त करें
Apple Watch Ultra पर सैटेलाइट के ज़रिए संदेश सेटअप करने के बाद, आप मोबाइल और वाई-फ़ाई कवरेज से बाहर होने पर भी iMessage और SMS के ज़रिए अपने दोस्तों और परिवार के साथ टेक्स्ट, Tapback और ईमोजी का आदान-प्रदान कर सकते हैं। संदेश भेजे जाने से पहले उन्हें शुरू से अंत तक एंक्रिप्ट किया जाता है।
नोट : सैटेलाइट के माध्यम से संदेश को परिवार और दोस्तों के साथ सामान्य बातचीत के लिए बनाया गया है, यह आपातकालीन स्थिति के लिए नहीं है। आपातकालीन सेवाओं से कनेक्ट करने के लिए, सैटेलाइट के माध्यम से आपातकालीन SOS से कनेक्ट करें का इस्तेमाल करें। सैटेलाइट के ज़रिए SMS संदेश भेजने के लिए आपके पेयर किए गए iPhone को मोबाइल या वाई-फ़ाई नेटवर्क से कनेक्ट होना चाहिए।
अपनी कलाई पर Apple Watch Ultra को सहजता से पहनें, फिर सुनिश्चित करें कि उसके सैटेलाइट से कनेक्ट होने में कोई व्यवधान न आ रहा हो। अगर आप घनी पत्तियों के नीचे हैं या अन्य बाधाओं से घिरे हुए हैं, तो हो सकता है कि आप सैटेलाइट से कनेक्ट न कर पाएँ।
वॉच फेस पर या कंट्रोल सेंटर में, सैटेलाइट आइकॉन पर टैप करें, फिर संदेश पर टैप करें।
आप संदेश ऐप
पर भी जा सकते हैं। अगर आप कोई अलर्ट देखते हैं, जो मोबाइल और Wi-Fi कवरेज के बाहर है, तो सैटेलाइट के माध्यम से संदेशों का इस्तेमाल करें पर टैप करें।
अपने आसपास के वातावरण के बारे में सचेत रहते हुए, सैटेलाइट के साथ कनेक्ट करने के लिए निर्देशों का पालन करें। आपको आपकी जगह बदलने के लिए निर्देश दिया जा सकता है।
अपना संदेश दर्ज करें और भेजें पर टैप करें।
महत्वपूर्ण : सैटेलाइट के माध्यम से अपना संदेश भेजने के लिए कुछ मिनट लग सकते हैं; जब तक यह संदेश भेजा नहीं जाता है, तब तक ऑनस्क्रीन निर्देशों का पालन करना जारी रखें।
सैटेलाइट के माध्यम अपना स्थान भेजें
Apple Watch Ultra पर सैटेलाइट के माध्यम से स्थान शेयरिंग सेटअप करने के बाद आप मोबाइल और वाई-फ़ाई कवरेज से बाहर होने पर भी अपना स्थान भेज सकते हैं।
अपनी कलाई पर Apple Watch Ultra को सहजता से पहनें, फिर सुनिश्चित करें कि उसके सैटेलाइट से कनेक्ट होने में कोई व्यवधान न आ रहा हो। अगर आप घनी पत्तियों के नीचे हैं या अन्य बाधाओं से घिरे हुए हैं, तो हो सकता है कि आप सैटेलाइट से कनेक्ट न कर पाएँ।
वॉच फेस पर या कंट्रोल सेंटर में, सैटेलाइट आइकॉन पर टैप करें, फिर स्थान भेजेन पर टैप करें।
आप Find My ऐप
पर भी जा सकते हैं।
स्थान अपडेट करें पर टैप करें (यह फीचर केवल तभी उपलब्ध है जब आप मोबाइल और वाई-फाई कवरेज से बाहर हों)।
अपने आसपास के वातावरण के बारे में सचेत रहते हुए, सैटेलाइट के साथ कनेक्ट करने के लिए निर्देशों का पालन करें। आपको आपकी जगह बदलने के लिए निर्देश दिया जा सकता है।
महत्वपूर्ण : सैटेलाइट के माध्यम से अपने स्थान को भेजने के लिए कुछ मिनट लग सकते हैं, स्थान भेजे जाने तक ऑनस्क्रीन निर्देशों का पालन करना जारी रखें। आप हर 15 मिनट में अपना स्थान भेज सकते हैं। आप जब सैटेलाइट के ज़रिए अपना स्थान भेजते हैं, तो आपको Find My ऐप में अपने दोस्त का स्थान दिखाई नहीं देता।
सैटेलाइट के माध्यम से किसी मित्र का स्थान देखें
जब कोई संपर्क आपको सैटेलाइट के माध्यम से अपना स्थान भेजता है, तब Find My ऐप में उस व्यक्ति की तस्वीर और स्थान के आगे सैटेलाइट आइकॉन दिखाई देता है। आप 7 दिनों तक उनका सबसे हालिया स्थान देख सकते हैं।